चरित्र और वाणी के बारे में बाइबल पद

परमेश्वर को जानने का फल है एक रूपान्तरित चरित्र — प्रेम, दीनता, खराई, और ऐसे वचन जो अनुग्रह देते हैं। पवित्रशास्त्र इस बात पर गहरा ध्यान देता है कि हम दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं और अपनी जीभ का कैसे उपयोग करते हैं। ये वचन उस प्रकार के व्यक्ति को गढ़ते हैं जिसे परमेश्वर आपको भीतर से बाहर तक बना रहा है।

प्रेम और करुणा

प्रेम — 1 कुरिन्थियों 13:4-7

प्रेम धीरजवन्त है, और कृपालु है; प्रेम डाह नहीं करता; प्रेम अपनी बड़ाई नहीं करता, और फूलता नहीं। अशोभनीय व्यवहार नहीं करता, वह अपनी भलाई नहीं चाहता, झुँझलाता नहीं, बुरा नहीं मानता। कुकर्म से आनन्दित नहीं होता, परन्तु सत्य से आनन्दित होता है। वह सब बातें सह लेता है, सब बातों पर विश्वास करता है, सब बातों की आशा रखता है, सब बातों में धीरज धरता है। (1 कुरि. 13:4)

एक दूसरे से प्रेम रखो — यूहन्ना 13:34

मैं तुम्हें एक नई आज्ञा देता हूँ, कि एक दूसरे से प्रेम रखो जैसा मैंने तुम से प्रेम रखा है, वैसा ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम रखो।

कृपा — इफिसियों 4:32

एक दूसरे पर कृपालु, और करुणामय हो, और जैसे परमेश्वर ने मसीह में तुम्हारे अपराध क्षमा किए, वैसे ही तुम भी एक दूसरे के अपराध क्षमा करो।

सबसे बड़ी आज्ञा — मत्ती 22:37-39

उसने उससे कहा, “तू परमेश्वर अपने प्रभु से अपने सारे मन और अपने सारे प्राण और अपनी सारी बुद्धि के साथ प्रेम रख। बड़ी और मुख्य आज्ञा तो यही है। और उसी के समान यह दूसरी भी है, कि तू अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम रख।

शत्रुओं से प्रेम करना — मत्ती 5:44

परन्तु मैं तुम से यह कहता हूँ, कि अपने बैरियों से प्रेम रखो और अपने सतानेवालों के लिये प्रार्थना करो। (रोम. 12:14)

उदारता — 2 कुरिन्थियों 9:7

हर एक जन जैसा मन में ठाने वैसा ही दान करे; न कुढ़-कुढ़ के, और न दबाव से, क्योंकि परमेश्वर हर्ष से देनेवाले से प्रेम रखता है। (व्यव. 18:10, नीति. 22:9, नीति. 11:25)

प्रेम ढाँप देता है — 1 पतरस 4:8

सब में श्रेष्ठ बात यह है कि एक दूसरे से अधिक प्रेम रखो; क्योंकि प्रेम अनेक पापों को ढाँप देता है । (नीति. 10:12)

प्रेम कभी टलता नहीं — 1 कुरिन्थियों 13:8

प्रेम कभी टलता नहीं; भविष्यद्वाणियाँ हों, तो समाप्त हो जाएँगी, भाषाएँ मौन हो जाएँगी; ज्ञान हो, तो मिट जाएगा।

प्रेम कार्य में — 1 यूहन्ना 3:18

हे मेरे प्रिय बालकों, हम वचन और जीभ ही से नहीं, पर काम और सत्य के द्वारा भी प्रेम करें।

अपने पड़ोसी से प्रेम रखो — मरकुस 12:31

और दूसरी यह है, ‘तू अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम रखना।’ इससे बड़ी और कोई आज्ञा नहीं।”

प्रेम में चलो — इफिसियों 5:2

और प्रेम में चलो जैसे मसीह ने भी तुम से प्रेम किया; और हमारे लिये अपने आपको सुखदायक सुगन्ध के लिये परमेश्वर के आगे भेंट करके बलिदान कर दिया। (यूह. 13:34, गला. 2:20)

सबसे बढ़कर प्रेम को पहन लो — कुलुस्सियों 3:14

और इन सब के ऊपर प्रेम को जो सिद्धता का कमरबन्ध है बाँध लो।

नम्रता और सेवकाई

नम्रता — फिलिप्पियों 2:3

स्वार्थ या मिथ्यागर्व के लिये कुछ न करो, पर दीनता से एक दूसरे को अपने से अच्छा समझो।

सेवकाई — मरकुस 10:45

क्योंकि मनुष्य का पुत्र इसलिए नहीं आया, कि उसकी सेवा टहल की जाए, पर इसलिए आया, कि आप सेवा टहल करे, और बहुतों के छुटकारे के लिये अपना प्राण दे।”

दूसरों की सेवा करना — गलातियों 5:13

हे भाइयों, तुम स्वतंत्र होने के लिये बुलाए गए हो; परन्तु ऐसा न हो, कि यह स्वतंत्रता शारीरिक कामों के लिये अवसर बने, वरन् प्रेम से एक दूसरे के दास बनो।

कोमलता — फिलिप्पियों 4:5

तुम्हारी कोमलता सब मनुष्यों पर प्रगट हो। प्रभु निकट है।

दीनता — याकूब 4:10

प्रभु के सामने नम्र बनो, तो वह तुम्हें शिरोमणि बनाएगा। (भज. 147:6)

दूसरों को पहले रखना — फिलिप्पियों 2:4

हर एक अपने ही हित की नहीं, वरन् दूसरों के हित की भी चिन्ता करे।

राज्य में बड़ाई — मत्ती 20:26

परन्तु तुम में ऐसा न होगा; परन्तु जो कोई तुम में बड़ा होना चाहे, वह तुम्हारा सेवक बने;

पाँव धोना — यूहन्ना 13:14

यदि मैंने प्रभु और गुरु होकर तुम्हारे पाँव धोए; तो तुम्हें भी एक दूसरे के पाँव धोना चाहिए।

परमेश्वर नम्र को ऊँचा करता है — 1 पतरस 5:6

इसलिए परमेश्वर के बलवन्त हाथ के नीचे दीनता से रहो, जिससे वह तुम्हें उचित समय पर बढ़ाए।

नम्रता से सुसज्जित — 1 पतरस 5:5

हे नवयुवकों, तुम भी वृद्ध पुरुषों के अधीन रहो, वरन् तुम सब के सब एक दूसरे की सेवा के लिये दीनता से कमर बाँधे रहो, क्योंकि “परमेश्वर अभिमानियों का विरोध करता है, परन्तु दीनों पर अनुग्रह करता है।”

हम में मसीह का मन — फिलिप्पियों 2:5

जैसा मसीह यीशु का स्वभाव था वैसा ही तुम्हारा भी स्वभाव हो;

नम्रता और सहनशीलता — मत्ती 5:5

“धन्य हैं वे, जो नम्र हैं, क्योंकि वे पृथ्वी के अधिकारी होंगे। (भज. 37:11)

सत्यनिष्ठा और शुद्धता

सत्यनिष्ठा — नीतिवचन 10:9

जो खराई से चलता है वह निडर चलता है, परन्तु जो टेढ़ी चाल चलता है उसकी चाल प्रगट हो जाती है। (प्रेरि. 13:10)

ईमानदारी — नीतिवचन 12:22

झूठों से यहोवा को घृणा आती है परन्तु जो ईमानदारी से काम करते हैं, उनसे वह प्रसन्न होता है।

शुद्धता — मत्ती 5:8

“धन्य हैं वे, जिनके मन शुद्ध हैं, क्योंकि वे परमेश्वर को देखेंगे।

देह की शुद्धता — 1 कुरिन्थियों 6:18

व्यभिचार से बचे रहो। जितने और पाप मनुष्य करता है, वे देह के बाहर हैं, परन्तु व्यभिचार करनेवाला अपनी ही देह के विरुद्ध पाप करता है।

पवित्रता — 1 पतरस 1:16

क्योंकि लिखा है, “ पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूँ ।” (लैव्य. 11:44, लैव्य. 19:2, लैव्य. 20:7)

सीधाई से चलना — भजन संहिता 84:11

क्योंकि यहोवा परमेश्वर सूर्य और ढाल है; यहोवा अनुग्रह करेगा, और महिमा देगा; और जो लोग खरी चाल चलते हैं; उनसे वह कोई अच्छी वस्तु रख न छोड़ेगा ।

शुद्ध हृदय — भजन संहिता 24:3-4

यहोवा के पर्वत पर कौन चढ़ सकता है? और उसके पवित्रस्थान में कौन खड़ा हो सकता है? जिसके काम निर्दोष और हृदय शुद्ध है, जिसने अपने मन को व्यर्थ बात की ओर नहीं लगाया, और न कपट से शपथ खाई है।

निर्दोष — फिलिप्पियों 2:15

ताकि तुम निर्दोष और निष्कपट होकर टेढ़े और विकृत लोगों के बीच परमेश्वर के निष्कलंक सन्तान बने रहो, जिनके बीच में तुम जीवन का वचन लिए हुए जगत में जलते दीपकों के समान दिखाई देते हो,

तुम्हारी हाँ की हाँ हो — मत्ती 5:37

परन्तु तुम्हारी बात हाँ की हाँ, या नहीं की नहीं हो; क्योंकि जो कुछ इससे अधिक होता है वह बुराई से होता है।

निष्कलंक — 1 तीमुथियुस 3:2

यह आवश्यक है कि अध्यक्ष निर्दोष, और एक ही पत्नी का पति, संयमी, सुशील, सभ्य, अतिथि-सत्कार करनेवाला, और सिखाने में निपुण हो।

शुद्ध विवेक — 1 तीमुथियुस 1:5

आज्ञा का सारांश यह है कि शुद्ध मन और अच्छे विवेक, और निष्कपट विश्वास से प्रेम उत्पन्न हो।

सब कुछ परमेश्वर की महिमा के लिए करो — 1 कुरिन्थियों 10:31

इसलिए तुम चाहे खाओ, चाहे पीओ, चाहे जो कुछ करो, सब कुछ परमेश्वर की महिमा के लिये करो।

जीभ और हमारे शब्द

जीभ — याकूब 3:5

वैसे ही जीभ भी एक छोटा सा अंग है और बड़ी-बड़ी डींगे मारती है; देखो कैसे, थोड़ी सी आग से कितने बड़े वन में आग लग जाती है।

चुगली — नीतिवचन 16:28

टेढ़ा मनुष्य बहुत झगड़े को उठाता है, और कानाफूसी करनेवाला परम मित्रों में भी फूट करा देता है।

निन्दा — इफिसियों 4:31

सब प्रकार की कड़वाहट और प्रकोप और क्रोध, और कलह, और निन्दा सब बैर-भाव समेत तुम से दूर की जाए।

उत्साह देनेवाले शब्द — इफिसियों 4:29

कोई गंदी बात तुम्हारे मुँह से न निकले, पर आवश्यकता के अनुसार वही निकले जो उन्नति के लिये उत्तम हो, ताकि उससे सुननेवालों पर अनुग्रह हो।

सच बोलना — इफिसियों 4:15

वरन् प्रेम में सच बोलें और सब बातों में उसमें जो सिर है, अर्थात् मसीह में बढ़ते जाएँ,

दूसरों को आशीष देना — रोमियों 12:14

अपने सतानेवालों को आशीष दो; आशीष दो श्राप न दो।

कुड़कुड़ाना — फिलिप्पियों 2:14

सब काम बिना कुड़कुड़ाए और बिना विवाद के किया करो;

उत्तम वाणी — कुलुस्सियों 4:6

तुम्हारा वचन सदा अनुग्रह सहित और सुहावना हो, कि तुम्हें हर मनुष्य को उचित रीति से उत्तर देना आ जाए।

बोलने में धीमा — याकूब 1:19

हे मेरे प्रिय भाइयों, यह बात तुम जान लो, हर एक मनुष्य सुनने के लिये तत्पर और बोलने में धीर और क्रोध में धीमा हो।

जीभ की सामर्थ्य — नीतिवचन 18:21

जीभ के वश में मृत्यु और जीवन दोनों होते हैं, और जो उसे काम में लाना जानता है वह उसका फल भोगेगा।

अपने मुँह की रखवाली करो — नीतिवचन 21:23

जो अपने मुँह को वश में रखता है वह अपने प्राण को विपत्तियों से बचाता है।

कोमल उत्तर — नीतिवचन 15:1

कोमल उत्तर सुनने से जलजलाहट ठण्डी होती है, परन्तु कटुवचन से क्रोध भड़क उठता है।