सत्यनिष्ठा और शुद्धता के बारे में बाइबल पद

परमेश्वर अपने लोगों को बुलाता है कि वे खराई से चलें और अपने हृदयों को उसके सामने शुद्ध रखें। धन्य हैं वे जिनके मन शुद्ध हैं, क्योंकि वे परमेश्वर को देखेंगे। ये वचन एक स्वच्छ और अविभाजित जीवन को प्रोत्साहित करते हैं।

सत्यनिष्ठा — नीतिवचन 10:9

जो खराई से चलता है वह निडर चलता है, परन्तु जो टेढ़ी चाल चलता है उसकी चाल प्रगट हो जाती है। (प्रेरि. 13:10)

ईमानदारी — नीतिवचन 12:22

झूठों से यहोवा को घृणा आती है परन्तु जो ईमानदारी से काम करते हैं, उनसे वह प्रसन्न होता है।

शुद्धता — मत्ती 5:8

“धन्य हैं वे, जिनके मन शुद्ध हैं, क्योंकि वे परमेश्वर को देखेंगे।

देह की शुद्धता — 1 कुरिन्थियों 6:18

व्यभिचार से बचे रहो। जितने और पाप मनुष्य करता है, वे देह के बाहर हैं, परन्तु व्यभिचार करनेवाला अपनी ही देह के विरुद्ध पाप करता है।

पवित्रता — 1 पतरस 1:16

क्योंकि लिखा है, “ पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूँ ।” (लैव्य. 11:44, लैव्य. 19:2, लैव्य. 20:7)

सीधाई से चलना — भजन संहिता 84:11

क्योंकि यहोवा परमेश्वर सूर्य और ढाल है; यहोवा अनुग्रह करेगा, और महिमा देगा; और जो लोग खरी चाल चलते हैं; उनसे वह कोई अच्छी वस्तु रख न छोड़ेगा ।

शुद्ध हृदय — भजन संहिता 24:3-4

यहोवा के पर्वत पर कौन चढ़ सकता है? और उसके पवित्रस्थान में कौन खड़ा हो सकता है? जिसके काम निर्दोष और हृदय शुद्ध है, जिसने अपने मन को व्यर्थ बात की ओर नहीं लगाया, और न कपट से शपथ खाई है।

निर्दोष — फिलिप्पियों 2:15

ताकि तुम निर्दोष और निष्कपट होकर टेढ़े और विकृत लोगों के बीच परमेश्वर के निष्कलंक सन्तान बने रहो, जिनके बीच में तुम जीवन का वचन लिए हुए जगत में जलते दीपकों के समान दिखाई देते हो,

तुम्हारी हाँ की हाँ हो — मत्ती 5:37

परन्तु तुम्हारी बात हाँ की हाँ, या नहीं की नहीं हो; क्योंकि जो कुछ इससे अधिक होता है वह बुराई से होता है।

निष्कलंक — 1 तीमुथियुस 3:2

यह आवश्यक है कि अध्यक्ष निर्दोष, और एक ही पत्नी का पति, संयमी, सुशील, सभ्य, अतिथि-सत्कार करनेवाला, और सिखाने में निपुण हो।

शुद्ध विवेक — 1 तीमुथियुस 1:5

आज्ञा का सारांश यह है कि शुद्ध मन और अच्छे विवेक, और निष्कपट विश्वास से प्रेम उत्पन्न हो।

सब कुछ परमेश्वर की महिमा के लिए करो — 1 कुरिन्थियों 10:31

इसलिए तुम चाहे खाओ, चाहे पीओ, चाहे जो कुछ करो, सब कुछ परमेश्वर की महिमा के लिये करो।